दिल्ली पुलिस का एएसआई कोरोना की चपेट में आया

 


दिल्ली पुलिस का एएसआई कोरोना की चपेट में आया


दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में तैनात एएसआई के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एएसआई का नाम जीत सिंह (49) है और एम्स की जांच रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद एएसआई को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही उसके परिवार को क्वारंटाइन कर दिया गया है। वहीं, कालकाजी पुलिस कॉलोनी को चारों तरफ से बंद कर सैनिटाइज किया गया है। एएसआई के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने का ये दिल्ली पुलिस का पहला मामला है।


 

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मंदीप सिंह रंधावा के अनुसार एएसआई जीत सिंह ट्रैफिक के हौजखास सर्किल में तैनात है और वह कालकाजी पुलिस कॉलोनी के क्वार्टर नंबर-31 में परिवार के साथ रहते हैं। बुखार व कफ आने की शिकायत के बाद उन्हें एक अप्रैल को एम्स भेजा गया था। इसके बाद उन्हें 14 दिन घर में ही रहने का कहा गया था। सात अप्रैल को उनका टेस्ट किया गया तो वह कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। जीत सिंह के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे तीन पुलिसकर्मियों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस में 25-25 फीसदी स्टाफ को 10-10 दिन के लिए आइसोलेशन के लिए छुट्टी दी जा रही है।